दुष्कर्म पीड़ित बच्ची और उसकी मां से महिला आयोग की अध्यक्ष ने की मुलाकात




Listen to this article

योगेश शर्मा.
हरिद्वार। उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने शुक्रवार को पिरान कलियर, रुड़की, हरिद्वार में हुई दुष्कर्म की घटना की पीड़िता मां व 6 वर्षीय बेटी से मुलाकात की।

अध्यक्ष कुसुम कंडवाल राज्य महिला आयोग द्वारा गठित जांच समिति के साथ रुड़की स्थित उप जिला चिकित्सालय में पहुँची। जांच समिति में जिला कार्यक्रम अधिकारी, प्रभारी, वन स्टॉप सेन्टर मौके पर उपस्थित रहे।

उपचार के लिए भर्ती रेप पीड़िता महिला व बेटी से अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने बातचीत कर उनका हाल जाना और घटना की जानकारी ली, साथ ही उन्होंने उसके परिवार संबंधी जानकारी भी ली।

वहां उपस्थित लोगों द्वारा यह बताया गया कि वह महिला अपनी बेटी को लेकर कलियर रैन बसेरे में रहती थी। आयोग की अध्यक्ष ने उप जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से मिलकर उसके स्वास्थ्य के बारे में जाना।

उन्होंने बताया कि वह अब स्वस्थ है, उसका उपचार हो चुका है। उस के रहने के स्थान की चिंता करते हुए आयोग की अध्यक्ष ने महिला से बात की। अध्यक्ष ने मां बेटी की सुरक्षा व देखभाल हेतु नारी निकेतन भेजने की बात कही, जिस पर महिला ने अपनी सहमति जतायी।

अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने तत्काल जिलाधिकारी हरिद्वार को पत्र लिख कर उस महिला को नारी निकेतन देहरादून भेजने की कार्यवाही के लिए कहा ताकि उस महिला व उसकी मासूम बेटी का भविष्य खतरे में न रहे। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, प्रभारी, वन स्टॉप सेन्टर ने दी।