स्वामी विवेकानंद जयंती पर गूंजा ‘उठो-जागो’ का संदेश, स्वदेशी संकल्प दौड़ में उमड़ा युवाओं का सैलाब




Listen to this article

न्यूज 127. हरिद्वार।
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के फेरूपुर रामखेड़ा स्थित डिग्री कॉलेज में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती के अवसर पर स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जगपाल सैनी, धर्मेंद्र चौहान एवं विक्रम भुल्लर ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर देशभक्ति, राष्ट्र निर्माण और युवाशक्ति के जोश से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का मंत्र “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व की जयंती पर सभी युवाओं को संकल्प लेना चाहिए कि वे विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का मस्तक ऊंचा किया और उनकी शिक्षाएं आज भी युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर है, इसलिए उन्हें मानसिक रूप से मजबूत होकर राष्ट्र सेवा में जुटना होगा।

विवेकानंद के आदर्शों पर चले युवा
युवा मोर्चा प्रभारी लव शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने वर्ष 1893 में अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म संसद में भारत की ओर से सनातन धर्म का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने रामकृष्ण मिशन की स्थापना की, जो आज भी समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को हुआ था और बचपन में उन्हें नरेंद्रनाथ के नाम से जाना जाता था। जयंती मनाने का उद्देश्य युवाओं को उनके विचारों और आदर्शों से जोड़ना है।

नशे से दूर रहने का आह्वान
प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा जगपाल सैनी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को शिक्षा और खेल के माध्यम से आगे बढ़कर देश सेवा करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशा और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया और कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका युवा वर्ग है, जो देश की पूंजी है।

ये रहे मुख्य रूप से मौजूद
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौहान, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जगपाल सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, प्रदेश मंत्री तरुण चौहान, जिला महामंत्री दीपांशु शर्मा, कार्यक्रम संयोजक सचिन चौहान, सहसंयोजक चीनू नितीश चौधरी, जिला मंत्री लेखराज, प्रियांशु गोयल, मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान, रीनू चौधरी, मोहित चौहान, श्रवण चौहान, दीपक सैनी, आदर्श कश्यप, सचिन आर्य, राहुल चौहान, विनीत प्रताप सिंह, राजू पाल, बीर सिंह कश्यप सहित सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।