न्यूज 127.
सप्त ऋषि आश्रम में देशभर से पहुंचे संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति में गुरु समाधि समारोह का भव्य समापन किया जा रहा है। आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित इस आयोजन को देश की शीर्ष राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी से राष्ट्रीय स्तर की पहचान मिली है। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिसके बाद धार्मिक अनुष्ठान और संबोधन का क्रम चला।
हरिद्वार में धार्मिक, आध्यात्मिक और राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके पश्चात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हरिद्वार स्थित सप्त ऋषि आश्रम पहुंचे, जहां वे गुरु समाधि एवं मूर्ति आवरण समारोह में सहभागिता कर रहे हैं। आज आयोजित यह कार्यक्रम गुरु समाधि समारोह का अंतिम और सबसे भव्य धार्मिक आयोजन बताया जा रहा है। धार्मिक नेतृत्व की ओर से स्वामी अवधेशानंद महाराज सहित कई महामंडलेश्वर और संत समाज के प्रमुख चेहरे मंच पर आसीन रहे।
वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भारत माता मंदिर और सप्त ऋषि आश्रम क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल एवं सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्रियों के कार्यक्रम को लेकर आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया गया है।
प्रशासन द्वारा यातायात, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि यह ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और गरिमामयी ढंग से संपन्न हो सके।







