हरिद्वार पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ में दो घायल




Listen to this article

नवीन चौहान.
हरिद्वार। भगवानपुर के चोली क्षेत्र में उत्तराखंड पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ की सूचना पर रात में ही SSP अजय सिंह समेत तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 11:30 बजे भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि सहारनपुर की तरफ से बाइक सवार दो बदमाश किसी घटना को अंजाम देने आ रहे हैं। बदमाशों के आने की सूचना 112 नंबर पर भी दी गई।

बदमाशों के आने की सूचना मिलने के बाद उत्तराखंड पुलिस पूरे जिले में अलर्ट हो गई और चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान भगवानपुर के चोली गांव के पास बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को आता देख पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने जवाबी फायरिंग की इस दौरान पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए, उनके पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उनके नाम उपकार पुत्र स्वराज निवासी रामपुर मनिहारान, सहारनपुर और अंकुर पुत्र मोहर निवासी ननौता सहारनपुर बताए।

पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस दोनों के बारे में और जानकारी जुटा रही है।

इन्हीं बदमाशों ने गणेशपुर, मंगलौर और एक अन्य जगह लूट की घटना को अंजाम दिया था। दोनों बदमाश सहारनपुर के हिस्ट्रीशीटर हैं। फिलहाल जेल से जमानत पर बाहर चल रहे थे।