फरिश्ता बनकर पहुंची उत्तराखंड की पुलिस ने बचायी महिला की जान




Listen to this article

नवीन चौहान.
एक महिला की जान बचाने के लिए पुलिस फरिश्ता बनकर पहुंची, यदि पुलिस दो मिनट भी लेट हो जाती तो महिला की जान चली जाती। पूरा मामला कालसी क्षेत्र का है, जहां पुलिस को एक महिला द्वारा फांसी लगाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने समय से पहुंच कर महिला की जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार थाना कालसी क्षेत्र के ग्राम खादर से पुलिस को शनिवार की देर शाम लगभग सात बजे सूचना मिली कि घरेलू झगड़े के कारण एक महिला ने आत्महत्या की बात कहते हुए अपने आपको कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक राठौड़ पुलिस कर्मियों के साथ करीब 4 किलोमीटर दूर स्थित घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। पुलिस ने करीब 6 मिनट लगायी मौके पर पहुंचने में और वहां जाते ही उस कमरे का दरवाजा तोड़ दिया जिसमें महिला ने खुद को बंद कर फांसी लगा ली थी।

पुलिस कर्मियों ने पंखे पर फंदे के सहारे लटकी महिला को नीचे उतारा और किसी तरह उसे होश में लाए। उसके बाद पुलिस उसे लेकर पीएचसी कालसी पंहुची जहां उसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस के इस कार्य से हर कोई पुलिस कर्मियों की तारीफ कर रहा है।