नवीन चौहान
प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा पार्टी अध्यक्ष को इस्तीफा दिये जाने की पेशकश के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल शुरू हो गई है। चर्चा है कि मुख्यमंत्री राज्यपाल को अब अपना इस्तीफा देंगे। ऐसे में यदि राज्यपाल उनका इस्तीफा स्वीकार कर लेता है तो प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर सत्ता के गलियारों में चर्चा का दौर शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का इस्तीफा दिये जाने की चर्चा के बीच नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के नाम को आगे बढ़ाते हुए उनके मुख्यमंत्री बनने की चर्चा शुरू की है, जबकि कुछ लोग पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ही फिर से प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात कह रहे हैं। एक खेमा ऐसा भी है जो कह रहा है कि तीरथ सिंह रावत यदि इस्तीफा देते भी हैं और वह स्वीकार हो भी जाता है तो पार्टी हाईकमान एक बार फिर से उन्हें ही मुख्यमंत्री बनाएगा। ऐसा इसलिए भी कहा जा रहा है कि ऐसा करने से मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें चुनावी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ा। उन्हें विधानसभा सदस्य बनने के लिए जो समय मिलेगा उसमें चुनाव संभव नहीं होंगे। प्रदेश में कुछ ही महीनों बाद चुनाव होने हैं, इसके लिए चुनाव आयोग भी तैयारी कर रहा है। इसलिए माना जा रहा है कि उप चुनाव न हो इसके लिए भी पार्टी कोई रास्ता निकालने की तैयारी कर रहा है।
अब देखना यही है कि तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे की जो चर्चा चली है उस पर विराम कब लगता है। तीरथ सिंह रावत के इस दांव के बाद उनकी पार्टी के पदाधिकारी क्या कदम उठाते हैं। तीरथ सिंह रावत के समर्थक किस तरह से रिएक्ट करते हैं। चर्चा ये भी है कि पार्टी के ही कुछ नेताओं ने पार्टी हाईकमान के पास दौड़ लगा दी है, इनमें वो लोग शामिल हैं जो प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने का दावा करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। अब देखना यही है कि प्रदेश में भाजपा अब क्या कदम उठाती है। तीरथ सिंह रावत द्वारा उठाए गए इस कदम के बाद ऊंट किस करवट बैठता है।
कौन होगा प्रदेश का नया मुख्यमंत्री, सत्ता के गलियारे में होने लगी चर्चा



