न्यूज 127.
नियम कायदे कानून को ताक पर रखकर जमीन की खरीद करने वाले लोगों पर शासन की नजर है। भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई हरिद्वार की 46 संपत्तियां शासन के रडार पर हैं। जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह के निर्देशों पर राजस्व विभाग ने इन संपत्तियों की जांच करने के बाद रिपोर्ट शासन को भेज दी है। चिन्हित की गई संपत्तियां भू कानून के तीनों बिंदुओं के दायरे में आ रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेशों के बाद शासन ने उत्तराखंड के सभी जिलों से भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई संपत्तियों का ब्यौरा मंगाया था। जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने बताया मंगलवार सुबह यह रिपोर्ट शासन को भेज दी। उन्होंने बताया कि जनपद में ऐसी 46 संपत्ति चिन्हित की गई है जो भू कानून के दायरे में आ रही है। रिपोर्ट शासन को भेजी गई है, अब शासन के दिशा निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बतादें सोमवार को भू कानून के संबंध में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने जिलाधिकारियों के साथ सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की थी। हरिद्वार और नैनीताल के जिलाधिकारियों द्वारा रिपोर्ट नहीं देने पर उनसे 24 घंटे में रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिये गए थे। मुख्य सचिव ने भू कानून के प्रावधानों के विपरीत भूमि की खरीद फरोख्त अथवा भूमि खरीद सम्बंधित अनुमति के किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिये थे।