नवीन चौहान.
जिलाधिकारी कमेंद्र सिंह ने जनता दरबार में क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित विभागों को निस्तारण करने के निर्देश दिए। महिलाओं और बुजुर्गो ने जिलाधिकारी की कार्यशैली की प्रशंसा की और न्याय मिलने की उम्मीद जाहिर की। करीब तीन घंटे तक जिलाधिकारी फरियादियों की समस्याओं को सुनते रहे और उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रखकर समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए।

मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे तहसील प्रांगण में हरिद्वार जिलाधिकारी कमेंद्र सिंह का जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए जनता दरबार लगाया गया। करीब 37 से अधिक पीड़ितों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को रखा। बिजली, पानी, सड़कों पर अतिक्रमण सहित कई शिकायते जनता दरबार में रखी गई। कुछ अजीबो गरीब समस्याएं भी आई, जिनको सुनने के बाद जिलाधिकारी सहित तमाम अधिकारियों की हंसी छूट गई। जनता की समस्याओं को सुनने के दौरान जिलाधिकारी कमेंद्र सिंह बेहद ही संवेदनशील नजर आए और बड़ी गंभीरता के साथ जनता की समस्याओं के प्रति संजीदा दिखाई दिए।

जिलाधिकारी कमेंद्र सिंह ने बताया कि विभिन्न प्रवृत्ति की 37 शिकायती प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई हुई। पिछले जनता दरबार की लंबित शिकायतों का भी संज्ञान लिया गया। उन्होंने बताया कि चकरोड़, ओडीएफ, राशन कार्ड, विकास संबंधी कई अन्य मांग भी है। एक 85 वर्षीय बुजुर्ग ने नाली के ऊपर स्लैब डालने से गंदगी से नाली के भर जाने की शिकायत रखी थी। बीडीओ को निर्देशित किया है कि नाली की गंदगी को साफ करा दिया जाए। राजस्व और पुलिस संबंधी शिकायत अधिक आई है। नगर निगम, खाद्य विभाग की शिकायते भी थी। अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान शुरू किया जायेगा।

ऐसी आई शिकायत
एक पीड़िता ने बताया कि 600 फुट के मकान पर किराएदार ने कब्जा किया हुआ है। पुलिस कोर्ट में जाने की बात कर रही है। मुख्यमंत्री से लेकर तमाम प्रशासन को शिकायत दर्ज कराई है। आज जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई है। लेकिन सभी कोर्ट से न्याय लेने की बात कर रहे है।
85 साल के जय राज चौहान वरिष्ठ नागरिक सामाजिक कार्यकर्ता ने बताया कि गांव की गंदगी का पानी निकलने के लिए नाला है। इस नाले पर स्लैब डाल दिया गया है। जिससे नाला गंदगी से भरा पड़ा है। जिलाधिकारी से मिलने के बाद अब पूरी तरह से संतुष्ट है। नाले की सफाई होने का आश्वासन मिला है।

जुर्स कंट्री से करीब दो दर्जन से अधिक महिलाए और पुरूष कुत्ते के आतंक से निजात दिलाने की मांग करते हुए जनता दरबार में पहुंचे। जिलाधिकारी ने उनकी बात को सुना और संबंधित पुलिस अधिकारी से जानकारी ली तो पता चला कि वह डॉग लवर का मामला है। मामले में मेनका गांधी तक का फोन आ चुका है।
सोमदत्त तिवारी गुरूकुल कांगड़ी फार्मेसी के खिलाफ आरसी कटने के बाद भी वसूली नही होने की शिकायत लेकर आए थे। लेकिन जब जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने अमीन से जानकारी हासिल की तो पता चला कि चार लाख की रकम से तीन लाख वसूली करके पीड़ित को दिला दी गई है। एक लाख की बकाया रकम को जल्द दिला दिया जायेगा। पीड़ित सोमदत्त ने जिलाधिकारी के त्वरित निर्णय की प्रशंसा की और प्रशासन के जनता दरबार की सराहना की।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, एसपी सिटी पंकज गैरोला, एसडीएम अजयवीर सिंह, सीओ शांतनु पाराशर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरके सिंह, तहसीलदार प्रियंका रानी सहित जनपद के अधिकारी मौजूद रहे।