सेब महोत्सव 2.0: हर्षिल और कपकोट के मीठे सेब खरीदने का मौका




Listen to this article

नाबार्ड का ‘सेब महोत्सव 2.0: कृषकों को सीधे ग्राहकों से जुड़ने का मंच, हर्षिल और कपकोट के उत्पाद प्रदर्शित होंगे
पथ प्रवाह, देहरादून, 8 अक्तूबर 2025:
राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने उत्तराखंड में सीमांत और लघु कृषकों को उनके उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से ‘सेब महोत्सव 2.0’ का आयोजित करने का निर्णय किया है। पिछले वर्ष आयोजित ‘सेब महोत्सव 1.0’ की सफलता को देखते हुए यह महोत्सव 9 और 10 अक्तूबर 2025 को नाबार्ड के क्षेत्रीय कार्यालय, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून में संपन्न होगा।

नाबार्ड ने राज्य के कृषक उत्पादक संगठनों और स्वयं सहायता समूहों के संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया है। महोत्सव में हर्षिल घाटी के कृषक उत्पादक संगठन द्वारा उत्पादित ‘ए’ ग्रेड के रॉयल डिलीशियस, रेड डिलीशियस और गोल्डन डिलीशियस सेब, कपकोट के किसानों द्वारा प्राकृतिक विधि से उत्पादित कीवी फल, और अन्य उत्तम पहाड़ी उत्पाद जैसे अखरोट, राजमा, जीआई टेग्ड उत्पाद, जूस, अचार, हथकरघा उत्पाद, जड़ी-बूटियाँ आदि खरीद के लिए उपलब्ध रहेंगे।

इस अवसर पर कृषि एवं ग्राम्य विकास उत्तराखंड गणेश जोशी कार्यक्रम का उद्घाटन 9 अक्तूबर 2025 को प्रातः 10.00 बजे करेंगे। महोत्सव दो दिन चलेगा और सुबह 10.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक सभी उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।
नाबार्ड ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य न केवल किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना है, बल्कि राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देना और उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले स्थानीय उत्पादों से सीधे जोड़ना भी है।