अवैध मदरसे को गिराने गई पुलिस और नगर निगम की टीम पर पथराव, छोड़ने पड़े आंसू गैस के गोले




Listen to this article

नवीन चौहान.
उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में अराजक तत्वों ने पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया। यह पथराव तब हुआ जब नगर निगम की टीम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बनभूलपुरा में एक अवैध मदरसे और अवैध नमाज स्थल को तोड़ने के लिए गई थी। अराजक तत्वों द्वारा पथराव करने के बाद बिगड़ी स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसूगैस के गोले छोड़ने पड़े। इस घटना में कई पुलिस वाले घायल हो गए, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने इस मामले में पथराव करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अराजक तत्वों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। जानकारी के अनुसार हल्द्वानी के थाना बनभूलपुरा क्षेत्र के अंतर्गत मलिक के बगीचे में अवैध मदरसे एवं नमाज स्थल को आज नगर निगम की टीम ने ध्वस्त कर दिया। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एसडीएम परितोष वर्मा समेत नगर निगम की बड़ी संख्या में टीम मौजूद रही।

इसी दौरान वहां अराजक तत्वों ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिस प्रशासन और नगर निगम की टीम पर पथराव का दिया। इस दौरान वहां मौजूद जेसीबी को भी क्षतिग्रस्त किया गया। पथराव में कई पुलिसकर्मी और पत्रकार घायल हो गए, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपद्रवियों को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और आसपास के थानों से भी पुलिस फोर्स मौके पर बुला लिया।

इस दौरान एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद मीणा, थाना बनभूलपुरा एसओ नीरज भाकुनी,एसओ मुखानी एसओ प्रमोद पाठक,कालाढूंगी एसओ नंदन सिंह रावत,समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया अवैध मदरसे से एवं नमाज स्थल वाली जगह पूरी तरह अवैध है। यह जमीन नगर निगम की है इस पर पूर्व में ही कब्जा ले लिया गया था और मदरसे और नमाज स्थल को सील किया गया था। सील किसे गए स्थल को आज ध्वस्त किया गया, इसी दौरान अराजक तत्वों ने पथराव किया।