बाइक सवार युवक बन गया सिडकुल पुलिस का सिरदर्द , जानिये पूरी खबर




Listen to this article

नवीन चौहान
रोशनाबाद में एक परचून कारोबारी के बाये हाथ में गोली मारने के प्रकरण में सिडकुल पुलिस पूरी तरह से उलझ गई है। गोली चलाने की वजह पुलिस को पता नहीं चल पा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण को कारोबारी की पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। फिलहाल बाइक सवार गोली चलाने वाले युवकों का पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घायल की हालत ठीक बताई गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। घटना देर रात्रि की है।
पथरी के शिवगढ निवासी अजीत चौहान रोशनाबाद में 54 कमरों के भवन को किराये पर चलाता है। इसी भवन के नीचे एक परचून की दुकान अजीत चौहान चलाता है। शुक्रवार की देर शाम एक बाइक सवार युवक दुकान पर आया। बाइक सवार ने तमंचा निकालकर अजीत पर गोली चला दी। गोली अजीत के बाये हाथ को जख्मी कर निकल गई। घायल को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ सदर रचिता जुयाल, सिडकुल एसओ कमल मोहन भंडारी दारोगा दिलवर सिंह कंडारी समेत तमाम पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घायल से जानकारी की तथा घटना स्थल का निरीक्षण किया। प्रथमदृष्टया घटना को पुलिस लूटपाट के इरादे से गोली चलाने को जोड़कर देख रही थी। गोली मारने वाले बाइक सवार ने कोई लूटपाट नहीं की। युवक ने अजीत से कोई बात भी नहीं की। जबकि गोली मारने वाले युवक का दूसरा साथी बाइक पर बैठा था। गोली चलाते ही दोनों बाइक पर फरार हो गये। तमाम जानकारी जुटाने के बाद पुलिस घायल अजीत की पुरानी रंजिश को खंगालने में लगी है। 54 कमरे के इस भवन में किसी किरायेदार से कोई झगड़ा अथवा पुरानी रंजिश से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। अथवा किसी पुराने विवाद में अजीत से कोई दुश्मनी रखता है। पुलिस तमाम एंगल पर जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। सीओ सदर रचिता जुयाल ने बताया कि अजीत की पुरानी रंजिश की पड़ताल की जा रही है।