महिलाओं के कपड़े बदलने वाले स्थान पर मिला सीसीटीवी कैमरा, महंत फरार




Listen to this article

न्यूज 127.
छोटा हरिद्वार कहे जाने वाले मुरादनगर गंगनहर पर महिलाओं कपड़े बदलने वाले चेंजिंग रूम में सीसीटीवी कैमरा मिलने पर हंगामा खड़ा हो गया। एक महिला की शिकायत पर शनि मंदिर के महंत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महंत मुकदमा दर्ज होने के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महंत पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज है।

पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी महंत की तलाश शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर यह मामला सामने आने के बाद सिंचाई विभाग ने छोटा हरिद्वार कहे जाने वाली गंग नहर पर अवैध रूप से बनाई गई दुकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। जानकारी के मुताबिक मिनी हरिद्वार कहे जाने वाले गंगनहर घाट स्थित प्राचीन शनि मंदिर के महंत मुकेश गोस्वामी के खिलाफ महिला ने शुक्रवार को नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें आरोप है कि मुकेश ने गंगा घाट पर महिलाओं के कपड़े बदलने के कमरे में ऊपर की तरफ कैमरा लगवा रखा था। इसकी फुटेज महंत अपने मोबाइल फोन पर देखता था।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज करने से पहले मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही मिलने पर पुलिस ने कैमरा और डीवीआर अपने कब्जे में ले लिये। इस बीच महंत वहां से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीम लगाई गई है। मुरादनगर के ही एक गांव की रहने वाली महिला ने एफआईआर में बताया है कि वह 21 मई की दोपहर को बेटी के साथ गंगा घाट पर स्नान के लिए आई थीं। स्नान के बाद कपड़े बदलने के लिए चली गईं। चेजिंग रूम में उसकी नजर कैमरे पर गई। उसने तुरंत यह बात आसपास के लोगों को बतायी।

पुलिस को पता चला कि यह कैमरा महंत मुकेश गोस्वामी के मोबाइल फोन से जुड़ा है।फरार होने से पहले महंत ने अपनी सफाई में कहा, महिलाओं के कपड़े बदलने के कमरे में कैमरा नहीं लगा था। पास के कैमरे को बंदरों ने घुमा दिया, जिससे फोकस उस ओर हो गया। लेकिन पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगायी गई है।