भीम आर्मी के चंद्रशेखर के काफिले पर गोलीबारी से आक्रोश




Listen to this article

नवीन चौहान
बुलंदशहर जिले में उप चुनाव में एक रैली से लौट रहे भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर के काफिले पर रविवार की देर रात हमला किया गया। उनके काफिले पर इस तरह से हुए हमले से उनके समर्थकों में आक्रोश है।
चंद्रशेखर आजाद ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। लिखा कि विपक्षी दलों ने बुलंदशहर चुनाव के हमारे उम्मीदवार को डराया। आज की रैली के बाद मेरे काफिले पर कायराना तरीके से गोली चलाई गई। यह उनकी हताशा को दर्शाता है। वे माहौल को जहरीला बनाना चाहते हैं लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।
आजाद ने कहा कि उनके काफिला पर तब गोली चली जब उनकी आजाद समाज पार्टी के सदस्य आगामी उपचुनाव के लिए प्रचार कर रहे थे। हालांकि बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने चंद्रशेखर के काफिले पर हमला होने की बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के उम्मीदवारों से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने की जानकारी मिली है। अभी चंद्रशेखर के काफिले पर हमले की रिपोर्ट की पुष्टि होनी बाकी है। उपचुनाव में बुलंदशहर सीट से भीम आर्मी ने हाजी यामीन को अपनी पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।