सूर्य का हाल जानने के लिए दो सितंबर का उड़ान भरेगा आदित्य-एल1




Listen to this article

आदित्य-L1 लॉन्च करने को तैयार इसरो, दो सितंबर सुबह 11.50 बजे होगा लॉन्च

नवीन चौहान.
चंद्रयान-3 की सफलता के बाद भारतीय वैज्ञानिक एक ओर इतिहास रचने की ओर अग्रसर है। भारत के वैज्ञानिक अब सूर्य मिशन आदित्य-एल1 लॉन्च करने के लिए तैयार है। इसरो के प्रमुख एस सोमनाथ के मुताबिक आदित्य-एल1 के लॉन्चिंग की उल्टी गिनती आज से शुरू हो जाएगी। दो सितंबर सुबह 11.50 बजे इसे आंध्र प्रदेश स्थित श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान को सौर कोरोना (सूर्य की सबसे बाहरी परतों) के दूरस्थ अवलोकन और एल-1 (सूर्य-पृथ्वी लैग्रेंजियन बिंदु) पर सौर हवा के यथास्थिति अवलोकन के लिए बनाया गया है। एल-1 पृथ्वी से करीब 15 लाख किलोमीटर दूर है।

इसरो ने आदित्य एल-1 की लॉन्चिंग दुनिया को दिखाने के लिए खास इंतजाम किए हैं। संस्थान ने अपनी वेबसाइट पर आदित्य एल-1 के लॉन्च को श्रीहरिकोटा स्थित केंद्र से सीधा दर्शकों को दिखाने के लिए व्यू गैलरी की सीटें बुक करने का विकल्प दिया था। हालांकि, इसके लिए सीमित सीटें ही थीं, जो कि रजिस्ट्रेशन शुरू होने के बाद ही भर गईं।

इसरो की वेबसाइट isro.gov.in पर जाकर दर्शक आदित्य एल-1 की लॉन्चिंग का सीधा प्रसारण देख सकते हैं और पल-पल के अपडेट्स हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा यूजर्स इसरो के वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर भी लॉन्च को लाइव स्ट्रीम कर सकते हैं।