नवीन चौहान.
Lok Sabha Security: संसद पर हमले की बरसी के दिन ही एक बार फिर संसद के अंदर सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो शख्स नीचे कूद गए। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता उन्होंने अपने जूते से कुछ पदार्थ निकाला जिसके बाद वहां पीले रंग का धुआं फैलने लगा। हालांकि दोनों को घेर कर पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि इनके दो साथियों ने संसद के बाहर भी हंगामा किया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह घटना बुधवार दोपहर एक बजे की है। लोकसभा में पीठासीन अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल शून्य काल की कार्यवाही को संचालित कर रहे थे। मालदा उत्तर से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू अपनी बात रख रहे थे। तभी दो शख्स दर्शक दीर्घा से नीचे कूद गए। इनमें से एक युवक सांसदों की सीट पर कूदकर आसन की तरफ जाने लगा। अफरा-तफरी के माहौल के बीच कुछ सांसदों ने हिम्मत दिखाकर उसे घेर लिया। मार्शल भी दौड़कर आ गए।
इसी दौरान पकड़े गए युवक ने जूते के अंदर से कुछ पदार्थ निकाला। इसके बाद वहां पीले रंग का धुआं उठने लगा। बाद में सांसदों और मार्शलों ने मिलकर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पीठासीन अधिकारी ने कार्यवाही स्थगित कर दी। बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक एक सांसद के मेहमान के तौर पर दर्शक दीर्घा में पहुंचे थे। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है, पकड़े गए युवकों से सुरक्षा एजेंसी भी पूछताछ कर रही हैं।



