विधायकों को दीपावली में शर्ट महिला विधायकों को साडी का तोहफा




Listen to this article

नवीन चौहान

हरिद्वार। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जीरो टालरेंस की धज्जियां रोशनी करने वाले विभाग ने उडा दी। विभाग के एक अफसर ने प्रदेश के तमाम विधायकों को खुश करने के लिये दीपावली गिफ्ट में खूबसूरत शर्ट को देने का फरमान अपने अधिकारियों को दे दिया। अफसर का फरमान मिलने के बाद तमाम अधिकारी धनराशि कलेक्शन में जुट गये। जिसके बाद पुरूष विधायकों को शर्ट और महिला विधायकों को साडी दीपावली गिफ्ट की गई।

प्रदेश में भाजपा की सरकार है। जिसकी कमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संभाल रखी है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की कवायद में जुटे है। इसी के चलते उन्होंने जीरों टालरेंस की पहल शुरू की हुई है। मुख्यमंत्री ने दीपावली पर्व पर सभी विभागों को उपहार परंपरा से दूर रहने के निर्देश जारी किये थे। इस पर उनका तर्क था कि दीपावली गिफ्ट के बहाने भ्रष्टाचार को बढावा मिलता है। मुख्यमंत्री के इस निर्देशों के बावजूद रोशनी करने वाले महकमे के एक अफसर ने अपने अधिकारियों को प्रदेश के सभी विधायकों को शर्ट गिफ्ट करने का फरमान जारी कर दिया। अफसर का फरमान हो तो अधिकारी अनदेखी कर दें ऐसा संभव नहीं होता है। बस फिर क्या था सभी अधिकारी विधायकों को खूबसूरत शर्ट करने की तैयारियों में जुट गये। इसके लिये धनराशि जुटाई गई। सभी अधिकारियों ने अपने जनपदों के विधायकों को शर्ट गिफ्ट की। इस गिफ्ट से अफसर के नंबर विधायकों की नजर में बढ गये। अब आप खुद ही अंदाजा लगा सकते है कि विधायकों को दी जाने वाली शर्ट का बोझ किसके कंधों पर आने वाला है।