PCS J 2022 Result: टॉप 20 में 15 महिलाएं, पीसीएस जे अंतिम चरण का परिणाम जारी




Listen to this article

प्रयागराज।
उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा-2022 के अंतिम चरण का परिणाम घोषित कर​ दिया गया है। इस बार 55 फीसदी पदों पर बेटियों ने परचम लहराया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने बुधवार शाम पीसीएस जे परीक्षा-2022 का अंतिम चयन परिणाम जारी किया।

जारी परिणाम के अनुसार कानपुर की निशि गुप्ता ने मेरिट में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि नैनी प्रयागराज के शिशिर यादव ने दूसरा और नई हवेली कासगंज की रश्मि सिंह तीसरे स्थान पर हैं। एक पद का परिणाम उच्चतम न्यायालय में दाखिल याचिका में पारित अंतरिम आदेश के आलोक में घोषित नहीं किया गया है।

शीर्ष 10 में छह और शीर्ष 20 चयनितों में 15 बेटियां हैं। पीसीएस जे के कुल 302 पदों पर अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया है। पीसीएस जे के 303 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 12 फरवरी 2023 को आयोजित की गई थी, जिसमें 50837 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

16 मार्च 2023 को जारी प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में 3145 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। मुख्य परीक्षा 23, 24 एवं 25 मई 2023 को आयोजित की गई, जिसमें 3019 अभ्यर्थी शामिल हुए। एक अगस्त 2023 को घोषित मुख्य परीक्षा के परिणाम में 959 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया। सभी 959 अभ्यर्थी 16 से 28 अगस्त तक हुए इंटरव्यू में शामिल हुए।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने इंटरव्यू पूरा होने के 48 घंटे के भीतर परिणाम जारी कर एक नया रिकार्ड बनाया है। इसके साथ ही आयोग ने भर्ती प्रक्रिया नौ माह के भीतर पूरी कर ली, जो एक रिकार्ड है। आयोग ने 10 दिसंबर 2022 को भर्ती का विज्ञापन जारी किया था और 30 अगस्त 2023 को यह भर्ती पूरी कर ली।