अमित शाह को सुनने उमड़े करीब 70 हजार लोग, पुलिस व्यवस्था रही चाक-चौबंद








Listen to this article

नवीन चौहान
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हरिद्वार आगमन पर आयोजित “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 70 हजार लोग गृहमंत्री को सुनने के लिए पहुंचे। इस दौरान आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में 2000 से अधिक वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई।
इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने पहले से ही व्यापक योजना तैयार की थी, जिसके चलते कार्यक्रम बिना किसी अव्यवस्था के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस पूरे आयोजन की कमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने स्वयं संभाली। उन्होंने कार्यक्रम से पहले सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों और पुलिस बल के साथ विस्तृत रणनीति बनाई थी। कार्यक्रम के दौरान भी एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
पुलिस प्रशासन ने आयोजन स्थल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की थी। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे कार्यक्रम में आने वाले लोगों को भी सुविधा मिली और स्थानीय नागरिकों को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर पुलिस की कार्यशैली की लोगों ने सराहना की। प्रशासन की सजगता और सुनियोजित व्यवस्था के कारण इतना बड़ा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
कार्यक्रम के समापन के बाद भी पुलिस बल देर तक सड़कों पर तैनात रहा और गणमान्यों के सुरक्षित वापसी तक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला। हरिद्वार पुलिस ने इस आयोजन को सफल बनाकर एक बार फिर साबित किया कि बेहतर योजना और समन्वय के साथ बड़े से बड़ा कार्यक्रम भी सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकता है। सबसे बड़ी बात रही कि आयोजन स्थल से लेकर शहर की प्रमुख्य सड़कों पर स्थानीय जनता को कोई परेशानी नही हुई।