एचईसी संस्थान के छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य और रंगोली से दिखाई उत्तराखंड की संस्कृति




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की लोकपरंपराओं और विकास की झलक प्रस्तुत की। इस दौरान स्वयंसेवकों ने घर से ऑनलाइन रंगोली बनाकर उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित किया। साथ ही तकनीकी क्षेत्र में प्रदेश में हो रहे विकास का संदेश भी दिया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में ऋषिकुल सभागार में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में संस्थान के एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी आकर्षक प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। अतिथियों के आग्रह पर स्वयंसेवकों ने दोबारा लोकनृत्य प्रस्तुत किया। एमएससी जूलॉजी की छात्रा एवं एनएसएस स्वयंसेविका अलीशा ने राज्य स्थापना दिवस के महत्व पर अपने विचार भी रखे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, नगर महापौर किरण जैसल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एडीएम और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति में रसिका जोशी, आकृति, दीक्षा, कीर्ति, वैष्णवी, मनु, पुनीता और लक्ष्य भट्ट ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी उमराव सिंह और डॉ. दीपिका भी स्वयंसेवकों के साथ उपस्थित रहे।