दीपक भट्ट और पंखी बने मिस्टर-मिस डांडिया, पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने बिखेरे संस्कृति के रंग
पथ प्रवाह, हरिद्वार।
एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, हरिद्वार में नवरात्रि के पावन अवसर पर कल्चरल क्लब की ओर से ‘डांडिया एवं गरबा ईव-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘स्टिक टू डांस’ थीम पर आयोजित इस उत्सव में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से परिसर को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान संगीत और नृत्य के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने फ्रीज डांस, सर्कल डांस और अन्य खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न चरणों में आयोजित प्रतियोगिताओं के बाद दीपक भट्ट और पंखी को मिस्टर एवं मिस डांडिया, अभिषेक और दित्या को मिस्टर एवं मिस अटायर, आयुष राजावत और रितु बिष्ट को मिस्टर एवं मिस डांसर तथा विनायक और प्रगति को
मिस्टर एवं मिस एंटरटेनर घोषित किया गया। विजेताओं की उपलब्धि पर प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
संस्थान की प्राचार्या डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें एकता, सहयोग और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए सांस्कृतिक गतिविधियों को व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम का संचालन कल्चरल क्लब की समन्वयक डॉ. रितु मोदी के निर्देशन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में वैष्णवी झा, वंदना सैनी, शशांक, डॉ. दीपिका संगतानी, ललित जोशी, उमराव सिंह, मनीष और अंजली बिश्नोई सहित अन्य शिक्षकों ने सहयोग दिया। रंगारंग प्रस्तुतियों और सामूहिक सहभागिता के साथ कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के बीच उत्साह, सांस्कृतिक जुड़ाव और यादगार पलों की छाप छोड़ी।


