हरिद्वार।
राज्य सरकार के “चार साल बेमिसाल” उत्सव के तहत आयोजित भव्य कार्यक्रम में संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में विभिन्न अखाड़ों के महामंडलेश्वर, संत और साधु बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे आयोजन स्थल का वातावरण आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर कार्यक्रम में पहुंचे संतों के लिए आयोजन स्थल पर अलग से विशेष व्यवस्था की गई थी, जहां वे पूरे कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे। संत समाज के प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार के चार वर्षों के कार्यों की सराहना करते हुए प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर संतों ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आशीर्वाद दिया और उनके नेतृत्व में प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की। संतों ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां आध्यात्मिक परंपरा के साथ विकास का संतुलन बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है।
संतों की मौजूदगी से कार्यक्रम का माहौल भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत दिखाई दिया। मंच से भी संत समाज के योगदान और उनके आशीर्वाद का उल्लेख किया गया। कार्यक्रम में आए संतों ने प्रदेश में शांति, समृद्धि और समाज के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
संतों के इस समागम ने कार्यक्रम को केवल राजनीतिक या प्रशासनिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप भी प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया।
हरिद्वार के संतों ने अमित शाह और मुख्यमंत्री धामी को दिया आशीर्वाद




