पथ प्रवाह, हरिद्वार।
हरिद्वार में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग का विशेष जांच अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 45 विद्यालय वाहनों का चालान किया गया।
परिवहन विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न विद्यालयों और प्रमुख मार्गों पर संचालित स्कूल बसों एवं अन्य विद्यालय वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, लेडी अटेंडेंट की उपलब्धता और अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण में कई वाहनों में फिटनेस प्रमाणपत्र और परमिट की कमी, चालक के वैध लाइसेंस का अभाव, अग्निशमन यंत्र व फर्स्ट एड बॉक्स न होना तथा निर्धारित मानकों के अनुसार लेडी अटेंडेंट की अनुपस्थिति जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इन खामियों के आधार पर मोटरयान अधिनियम के तहत 45 वाहनों के चालान किए गए।
अभियान के दौरान विद्यालय प्रबंधन और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा उपकरणों के बिना किसी भी विद्यालय वाहन का संचालन नहीं किया जाए। विभाग ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ और अधिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने बताया कि विद्यालयी बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। अभियान में परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, परिवहन कर अधिकारी सुश्री वरुणा सैनी, परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सहित विभाग की प्रवर्तन टीम मौजूद रही।
डीएम मयूर दीक्षित के आदेशों पर बच्चों की सुरक्षा पर संजीदा परिवहन विभाग, 45 चालान




