पथ प्रवाह, हरिद्वार।
एसएम पब्लिक स्कूल में सत्र 2026-27 के लिए इन्वेस्टिचर सेरेमनी-2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के समक्ष पुष्प अर्पित कर सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रमणीक शाह सूद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी, ईमानदारी एवं सेवा-भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प है।” उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आचरण, व्यवहार एवं कार्यों द्वारा विद्यालय तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नव-निर्वाचित हेड बॉय, हेड गर्ल, हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन, प्रीफेक्ट्स एवं अन्य छात्र परिषद पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई। तत्पश्चात सभी छात्र पदाधिकारियों को आदर्शों, अनुशासन एवं मूल्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई गई। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रमणीक शाह सूद, उपप्रधानाचार्या रेखा शर्मा, सोनिका गुलाटी, इंदु चौहान, कल्पना राजपूत, सीमा चौहान, रूपाली चौधरी, राहुल कुमार एवं आदित्य कौशिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने नव-निर्वाचित छात्र नेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने नेतृत्व, अनुशासन एवं समर्पण से विद्यालय की गरिमा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ।




