‘लिटराटी कॉनकुर्सो-2026’ में डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ने मारी बाजी, डीपीएस रानीपुर को मिला तीसरा स्थान
न्यूज 127, हरिद्वार।
शब्दों में भाव, आवाज में लय और प्रस्तुति में रचनात्मकता… कुछ ऐसा ही मनमोहक नजारा देखने को मिला दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर में, जहां 2 सितंबर को अंतर्विद्यालय अंग्रेजी कविता प्रस्तुति प्रतियोगिता ‘लिटराटी कॉनकुर्सो-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कविता को केवल पढ़ा ही नहीं, बल्कि अपने स्वर, भाव-भंगिमा और अभिनय के माध्यम से मंच पर जीवंत कर दिया।

प्रतियोगिता में आचार्यकुलम, पतंजलि योगपीठ, बीएमएल मुंजाल ग्रीन मैडोज स्कूल हरिद्वार, ग्रीनवे मॉडर्न पब्लिक स्कूल रुड़की, माउंट लिटेरा जी स्कूल हरिद्वार, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल हरिद्वार, सेंट थॉमस अकादमी हरिद्वार और दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद एक के बाद एक विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने वातावरण को साहित्यिक रंगों से भर दिया। किसी ने कविता के भावों को अपनी आवाज से उभारा तो किसी ने अभिनय और हाव-भाव के जरिए प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया। विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास ने उपस्थित दर्शकों को खूब प्रभावित किया।

डीएवी ने जीता प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. राधिका नागरथ, सुनील मानसिंह और ऋचा गोयल ने निभाई। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल हरिद्वार ने प्रथम स्थान हासिल कर छह हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया। ग्रीनवे मॉडर्न पब्लिक स्कूल रुड़की ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर चार हजार रुपये तथा डीपीएस रानीपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त कर दो हजार रुपये का पुरस्कार हासिल किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘सिंड्रेला की नई कहानी—निडर, दृढ़संकल्पित और साहसी’ रही। विद्यार्थियों ने पारंपरिक कहानी को नए अंदाज में प्रस्तुत करते हुए नारी के साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का संदेश दिया। प्रस्तुति को दर्शकों की खूब सराहना मिली।

इस अवसर पर डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा, उप-प्रधानाचार्य अकादमी पविंदर सिंह, उप-प्रधानाचार्या अनुपमा श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ विंग की प्रधान प्रभारी आरती बाठला उपस्थित रहीं।
प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता साहित्य, कल्पना और रचनात्मक अभिव्यक्ति का यादगार उत्सव बन गई। प्रतिभागी विद्यालयों ने डीपीएस रानीपुर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और सृजनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








