न्यूज 127, हरिद्वार/रुड़की।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 84 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। ईदगाह चौक के पास द्वारकाधीश मंदिर के निकट उनकी स्कूटी अचानक एक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मृतक की पहचान कामेश्वर प्रसाद त्यागी (84) पुत्र सागवा सिंह त्यागी, निवासी दीनदयाल, भगवती हॉस्पिटल के पास रुड़की के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह वह स्कूटी से किसी आवश्यक कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ईदगाह चौक के समीप उनकी स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अब फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।








