दीपिका के पिता की घर वापसी के लिए ग्रामीणों ने जुटाई मदद, मुहिम ने पकड़ी रफ्तार










Listen to this article

कमल सिंह रगड़वाल के अथक प्रयासों से आगे बढ़ी सहयोग की पहल
‘तोली रंत-रैबार’ ग्रुप के माध्यम से जुटे ₹45,182

न्यूज 127, नई टिहरी।
ग्राम पंचायत तोली (बुढ़ाकेदार) में एक परिवार की मुश्किल घड़ी में ग्रामीणों ने मानवीय संवेदना और सामाजिक एकजुटता की मिसाल पेश की है। बिटिया दीपिका नौटियाल के पिता इंद्रमणि नौटियाल की विदेश से घर वापसी के लिए क्षेत्रवासियों ने सहयोग का हाथ बढ़ाया है। सहयोग की इस मुहिम को आगे बढ़ाने में कमल सिंह रगड़वाल के अथक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी पहल और लगातार प्रयासों से अभियान को गति मिली और बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ते चले गए।

‘तोली रंत-रैबार’ व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से चलाए गए इस सहयोग अभियान के तहत अब तक ₹45,182 (पैंतालीस हजार एक सौ बयासी रुपये) की सहयोग राशि एकत्रित की जा चुकी है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों द्वारा अपनी सामर्थ्य के अनुसार दिए गए सहयोग ने परिवार को इस कठिन समय में संबल देने का काम किया है।

मुहिम से जुड़े लोगों ने सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पहाड़ की सामाजिक परंपरा हमेशा से ‘संकट में साथ और सुख-दुख में साझेदारी’ की रही है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीणों ने परिवार की मदद के लिए सामूहिक प्रयास शुरू किया है।

कमल सिंह रगड़वाल ने कहा कि किसी जरूरतमंद परिवार की परेशानी में उसके साथ खड़ा होना समाज का दायित्व है। उन्होंने क्षेत्र के अन्य लोगों से भी इस मानवीय मुहिम से जुड़ने और अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का छोटा सहयोग भी संकट की घड़ी में परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि अभियान को आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें। ‘तोली रंत-रैबार’ ग्रुप की ओर से अपील की गई है कि जो भी व्यक्ति सहयोग करना चाहता है, वह ग्रुप के सदस्यों से संपर्क कर इस मुहिम में सहभागी बन सकता है। मुश्किल वक्त में साथ खड़ा होता समाज—इसी सोच के साथ तोली के ग्रामीणों ने मानवीय एकजुटता का संदेश दिया है।