ग्राउंडवाटर के स्वास्थ्य प्रभाव पर शोध कर अनन्य त्यागी ने बढ़ाया डीएवी स्कूल का गौरव










Listen to this article

जमालपुर कलां के लोगों के स्वास्थ्य पर ग्राउंडवाटर का प्रभाव’ विषय पर किया वैज्ञानिक अध्ययन

एससीईआरटी एजुकेटर व प्रधानाचार्य ने प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

न्यूज 127 हरिद्वार।
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, कनखल के छात्र अनन्य त्यागी ने शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। अनन्य त्यागी ने अपनी मेंटर डॉ. सतविंदर कौर के मार्गदर्शन में ‘जमालपुर कलां के लोगों के स्वास्थ्य पर ग्राउंडवाटर का प्रभाव’ विषय पर शोध कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर अपनी रिसर्च थीसिस एनसीईआरटीई में जमा की है। छात्र की इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार ने गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है।

वर्ष 2023-24 में प्रारंभ हुआ यह शोध प्रोजेक्ट वर्ष 2026-27 में सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। शोध के दौरान अनन्य त्यागी ने जमीनी स्तर पर जाकर विभिन्न पहलुओं का वैज्ञानिक अध्ययन किया। प्रोजेक्ट के अंतर्गत फील्ड विजिट, ग्राउंडवाटर टेस्टिंग, स्वास्थ्य सर्वेक्षण, डेटा संग्रह एवं उसका विश्लेषण तथा विस्तृत डॉक्यूमेंटेशन जैसे महत्वपूर्ण चरणों को व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक पद्धति से पूरा किया गया।

शोध के जरिए समाज से जुड़े विषय को समझने का प्रयास
इस शोध का केंद्र जमालपुर कलां क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य पर भूजल के संभावित प्रभाव का अध्ययन करना रहा। विषय की सामाजिक प्रासंगिकता को देखते हुए शोध के दौरान तथ्यों एवं आंकड़ों के संग्रह पर विशेष ध्यान दिया गया। फील्ड स्तर पर किए गए अध्ययन और प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण के माध्यम से विषय को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने का प्रयास किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल के कुशल मार्गदर्शन, निरंतर सहयोग और प्रेरणादायी नेतृत्व में यह शोध कार्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ। प्रधानाचार्य के प्रोत्साहन से छात्र को शोध की विभिन्न प्रक्रियाओं को समझने तथा उन्हें व्यवस्थित ढंग से पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
शोध थीसिस एनसीईआरटीई में सफलतापूर्वक जमा किए जाने के अवसर पर एससीईआरटी के एजुकेटर एस.पी. वर्मा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने अनन्य त्यागी को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्र की मेहनत, शोध के प्रति समर्पण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की गई।

प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने अनन्य त्यागी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक सोच और शोध की प्रवृत्ति विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अनन्य की उपलब्धि न केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अनन्य भविष्य में भी इसी उत्साह, लगन और समर्पण के साथ नई ऊंचाइयां हासिल करेगा तथा विद्यालय, परिवार और समाज का नाम रोशन करेगा।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शोध कार्य विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी शोध, नवाचार, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करेंगे। विद्यालय परिवार ने अनन्य त्यागी, उनकी मेंटर डॉ. सतविंदर कौर तथा शोध यात्रा से जुड़े सभी सदस्यों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।