न्यूज 127, रामनगर।
नैनीताल जिले के रामनगर में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद मांगने तथा मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास भी किया गया। मामले में पुलिस ने मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के बुढनपुर निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र निवासी उवेश के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। विवाह में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी।
तहरीर के अनुसार, 16 अक्टूबर को कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी गई। शिकायत के आधार पर रामनगर कोतवाली में प्राथमिकी संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर कर रहे हैं।
विवाद के दौरान हत्या का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक विवेचना और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार, कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। उसके हाथ-पैर पकड़कर गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया और आत्महत्या किए जाने की बात प्रचारित की।
पति, सास, जेठ और ननद गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में उवेश (22), उसकी मां नसरीन (50), भाई अनस (23) और बहन शबा (20) शामिल हैं। सभी रामनगर के खताड़ी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका और अतिरिक्त साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का पुरस्कार
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।


