स्वामी दर्शनानंद इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने चिल्ला पावर हाउस का भ्रमण, जानी बिजली उत्पादन की तकनीकी प्रक्रिया




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
स्वामी दर्शनानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, गुरुकुल महाविद्यालय, ज्वालापुर, हरिद्वार के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को चिल्ला पावर हाउस का शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबों में पढ़ाई जाने वाली तकनीकी बातों को वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़कर व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।

भ्रमण के दौरान चिल्ला पावर हाउस के जेई (JE) और एई (AE) अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। अधिकारियों ने विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया, टर्बाइन की कार्यप्रणाली और पावर हाउस के संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों से तकनीकी प्रश्न भी पूछे, जिससे उनकी जिज्ञासाओं का समाधान हुआ और उन्हें कई महत्वपूर्ण व्यावहारिक जानकारियां हासिल हुईं। इस दौरान विद्यार्थियों ने भ्रमण की यादों को संजोने के लिए फोटोग्राफी भी की।

संस्थान प्रबंधन ने चिल्ला पावर हाउस के सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल, व्यावहारिक अनुभव और भविष्य की व्यावसायिक दक्षता को निखारने में मील का पत्थर साबित होते हैं। संस्थान ने इस सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों और अधिकारियों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया है।