रानीपुर विधायक आदेश चौहान का मोबाइल फोन हुआ हैक, साइबर ठगों से बचने की अपील




Listen to this article

न्यूज 127 हरिद्वार।
उत्तराखंड के रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक आदेश चौहान के मोबाइल फोन पर साइबर अटैक होने की गंभीर सूचना सामने आई है। इस तकनीकी हमले के बाद विधायक के सोशल मीडिया अकाउंट्स और फोन के गलत इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे राजनीतिक हलकों और उनके समर्थकों के बीच हड़कंप मच गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके पीआरओ अतुल वशिष्ठ द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता के लिए एक सतर्कता संदेश जारी किया गया है। जारी संदेश में कहा गया कि, विधायक के नाम या उनके आधिकारिक मोबाइल नंबर से यदि किसी भी प्रकार का व्हाट्सएप मैसेज, सोशल मीडिया संदेश, कोई संदिग्ध लिंक अथवा पैसों से जुड़ा कोई अनुरोध (लेन-देन) आता है, तो उस पर भूलकर भी कोई प्रतिक्रिया न दें। लोगों से अपील की गई है कि वे बिना पूरी पुष्टि किए ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा न करें और किसी भी तरह का वित्तीय लेनदेन बिल्कुल न करें।

साइबर अपराधियों द्वारा इस तरह के मामलों का फायदा उठाकर ठगी करने की कोशिश किए जाने का अंदेशा रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी से अनुरोध किया गया है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और इस महत्वपूर्ण सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक शेयर करें, ताकि किसी भी अप्रिय या ठगी की घटना से बचा जा सके। विधायक कार्यालय और स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार यह संदेश प्रसारित किया जा रहा है।