‘वोकल फॉर लोकल’ से ही साकार होगा विकसित भारत का संकल्प: त्रिवेंद्र सिंह रावत




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
हरिद्वार सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आज यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह प्रेरणादायी संवाद देश की संस्कृति, प्रतिभा, परंपराओं और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने पर विशेष बल देता है। ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में छिपी प्रतिभाओं और प्रेरणादायी प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है।

धनतेरस, दीपावली और भैया दूज जैसे आगामी त्योहारों के मद्देनजर उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, बुनकरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि हमारी एक छोटी सी खरीदारी भी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और कारीगरों के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने में अहम भूमिका निभाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर प्रोत्साहन से आज खादी के प्रति देशवासियों का आकर्षण काफी बढ़ा है। खादी अब स्वदेशी गौरव, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र के स्वाभिमान का बड़ा प्रतीक बन चुकी है।

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जोर देते हुए कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प तभी पूरा होगा जब हमारे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलेगी। इसके लिए जरूरी है कि हम स्वदेशी वस्तुओं को अपने दैनिक जीवन और त्योहारों का हिस्सा बनाएं। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को एक जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्थानीय कारीगरों के कौशल का सम्मान करना ही आत्मनिर्भर भारत को नई ऊर्जा देगा।