पैतृक गांव हड़खोला पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने परिवार संग की हरि चंद देवता मंदिर में पूजा-अर्चना




Listen to this article

न्यूज 127, पिथौरागढ़।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अपने एक दिवसीय पिथौरागढ़ दौरे के दौरान पैतृक गांव हड़खोला पहुंचे। गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उनकी पत्नी गीता धामी भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गीता धामी ने परिवार सहित गांव स्थित श्री हरि चंद देवता मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवता का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।

पैतृक गांव पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, बच्चों और बुजुर्गों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।