भाजपा को कैच आउट करने के लिये कांग्रेस ने बिछायी फील्डिंग




Listen to this article

हरिद्वार। किट्टी प्रकरण के बहाने भाजपा को कैच आउट करने के लिये कांग्रेस नेताओं की पूरी टीम मैदान में डट गई है। कांग्रेसी नेताओं ने पंचपुरी में फील्डिंग सजा दी है। पूर्व विधायक अंबरीष कुमार की कप्तानी में कांग्रेस की पूरी पंचपुरी के तमाम पीड़ितों के घरों में जाकर मुलाकात करेंगे। कांग्रेस के युवा नेता अमन गर्ग, हरिद्वार की सियासत के अनुभवी नेता सतपाल ब्रहमचारी और मुरली, एडवोकेट अरविंद और महिला नेत्री किरण सिंह समेत कई दिग्गज मैदान में उतर चुके है।
किट्टी के बहाने कांग्रेस ने भाजपा को घेरने के लिये ये फील्डिंग सजाई है। ये सभी नेता पीड़ितों की सहानुभूति बटोरने और भाजपा के मंत्री मदन कौशिक के बढ़ते कदमों को थामने के लिये पंचपुरी के तमाम मोर्चो पर कार्य करेंगे। कांग्रेसी मदन कौशिक के वोट बैंक में सेंध लगाने का भी कार्य करेंगे। इस प्रकरण पर जनांदोजन चलाया जायेगा। इस प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की मांग की जायेगी।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने अपनी रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक मंत्री की टीम की एक नेता गुरमीत कौर उर्फ निशी हरिद्वार की गरीब जनता का करोड़ों रुपया डकार गई। जनता पूरी तरह से त्रस्त हो गई। पीड़ितों के घरों में त्राहिमाम मचा हुआ है। जबकि भाजपा की ओर से पीड़ितों को कोई इंसाफ नहीं मिला है। पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के लिये कांग्रेस उनके साथ है। कांग्रेस पार्टी पर एक एक नेता पीड़ितों की मदद करने के लिये उनसे मिलेगा। पीड़ितों को उनका हक दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध तरीके से किट्टी का धंधा चल रहा था। इस को बंद कराने का प्रयास पुलिस प्रशासन ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि अप्रत्यक्ष तौर पर भाजपा नेताओं के तार इस घोटाले से जुड़े है। अंबरीष कुमार ने कहा कि वह तमाम मुद्दों को लेकर जन आंदोलन को चलायेंगे। 26 और 27 अगस्त को जनजागरण अभियान चलाया जायेगा। उसके बाद 31 अगस्त को प्रदर्शन कर डीएम और एसएसपी को ज्ञापन देकर प्रभावी कानून बनाने की मांग की जायेगी। प्रेस वार्ता के दौरान तमाम कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।