न्याय न मिलने पर परिवार सहित आत्महत्या की दी चेतावनी
नवीन चौहान, हरिद्वार। शिवसेना के एक नेता पर एक ग्रामीण ने विक्रय की गई भूमि से अधिक भूति हड़पने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
अशोक कुमार पुत्र स्व. चन्द्रभान निवासी ग्राम मिस्सरपुर, कनखल ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा कि उसके पिता ने शिवसेना नेता छवि राम सैनी पुत्र राजाराम सैनी को पूर्व में 2 बीघा 6 बिस्वा भूमि विक्रय की थी। विक्रय के साथ भूमि पर कब्जा भी दे दिया था। जबकि छविराम ने विक्रय की गई भूमि से अधिक भूमि पर अपना कब्जा कर लिया है। कहाकि तहसीलदार हरिद्वार की मदद से छविराम ने भूमि को अपने नाम भी दर्शा लिया है। अतिरिक्त भूमि पर कब्जा छोड़ने की बात कहने पर छविराम उनके साथ गाली-गलौच व मारपीट करता है। कहा कि मामले की शिकायत कनखल पुलिस से भी की गई, किन्तु नेता के दबाव में आकर पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। पूर्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायती पत्र भेज, किन्तु कोई कार्रवाई नहीं हुई। अशोक ने आरोप लगाया कि छविराम ने उनकी जमीन पर कब्जा करने के साथ उनकी दुकानों को भी तोड़ दिया तथा घर का सारा सामान बाहर फेंक दिया। जिस कारण वह घर से बेघर हो गया है। पत्र में कहा कि उक्त भूमि के अतिरिक्त उसके पास कोई भी भूमि रहने के लिए नहीं है। अशोक का कहना है कि नेता द्वारा उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। जिस कारण उसके सामने अब केवल आत्महत्या करने का ही रास्ता बचा है। अशोक ने कहाकि यदि उसके साथ न्याय नहीं होता है तो वह परिवार के साथ आत्महत्या कर लेगा। जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने छविरम के कब्जे वाली भूमि से शीघ्र अवैध कब्जा हटवाकर उसे वापस दिलवाने की मांग की है।
शिवसेना नेता पर लगाया भूमि कब्जाने का आरोप



