नवीन चौहान
विधायक स्वामी यतीश्वरानंद की शिकायत सही निकली। उनके शिकायत पर डिप्टी कलेक्टर शैलेंद्र सिंह नेगी ने ज्वालापुर धान केंद्र पर छापा मारा तो वहां पर किसानों के बजाय व्यापारी द्वारा कम दामों में खरीदी गई धान को पकड़ लिया। मामले में वरिष्ठ विपणन अधिकारी ने विक्रता के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
भाजपा के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने 7 नवंबर को धान केंद्रों का निरीक्षण किया था। उन्होंने जिलाधिकारी सी रविशंकर से शिकायत करते हुए बताया था कि सरकारी धान केंद्रों पर किसानों के बजाय व्यापारियों की धान खरीदी जा रही है। व्यापारी इस धान को किसानों से सस्ते में खरीद रहे हैं। उन्होंने धान केंद्रों पर किसानों का शोषण करने का आरोप लगाया था। बुधवार को जिलाधिकारी सी रविशंकर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर शैलेंद्र सिंह नेगी ने ज्वालापुर में धान केंद्र का औचक निरीक्षण किया तो वहां पर एक व्यक्ति 221 धान के कट्टे तुलवाता हुआ मिला। उससे धान के बारे मेें पूछा तो उसने दो किसान मलकित और मायाराम निवासी पीली पड़ाव के नाम से लाने की जानकारी दी। पुष्टि न कर पाने पर डिप्टी कलेक्टर ने उस पर वरिष्ठ विपणन अधिकारी को कार्रवाई के आदेश दिए। जिस पर विपणन अधिकारी ने कश्मीर सिंह पुत्र लब्बू सिंह निवासी दूधलादयाल वाला श्यामपुर के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया।
अन्य केंद्रों का भी किया निरीक्षण
जिलाधिकारी सी रविशंकर के निर्देशों के क्रम में डिप्टी कलेक्टर शैलेंद्र सिंह नेगी ने निरीक्षण में पाया गया कि कुछ किसानों द्वारा नमी वाला धान केंद्र में विक्रय हेतु लाया गया है जिस की मौके पर ही नमी मापक यंत्र से नमी की जांच की गई और नमी अधिक पाए जाने पर तत्काल धान को वापस किया गया। जमालपुर धान क्रय केंद्र में धान का क्रय लक्ष्य से कम किए जाने पर केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि स्थानीय किसानों से तत्काल संपर्क कर लक्ष्य के अनुरूप खरीद सुनिश्चित करें। धान क्रय केंद्र में बोरो की संख्या कम पाई गई। इस संबंध में ज्वालापुर धान क्रय केंद्र से बोरे प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया है। जमालपुर केंद्र में निरीक्षण के दौरान कोई भी किसान धान का विक्रय करता हुआ नहीं मिला।