तमंचे के बल पर बुजुर्ग दंपति को बनाया बंधक की लूटपाट, जानिए पूरी खबर




Listen to this article

नवीन चौहान,

हरिद्वार। बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बुजुर्ग के घर में घुसकर तमंचे के बल पर बंधक बनाकर 12 हजार की नकदी, सोने की अंगूठी और मोबाइल लूट लिया। बदमाश पीड़ितों को धमकी देकर फरार हो गये। पीड़ितों की सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों की पहचान करने के लिये आसपास के घरों के बाहर के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। घटना ज्वालापुर क्षेत्र की है।
ज्वालापुर के न्यू हरिद्वार निवासी लाहौरी लाल लूथरा पुत्र हरवंश लाल लूथरा भेल से रिटायर्ड है। वह अपनी पत्नी के साथ घर पर रहते है। रविवार को लाहौरी लाल अपनी पत्नी के साथ घर पर बैठे थे। तभी एक युवक आरओ ठीक करने के बहाने घर में आ गया। युवक के पीछे दो अन्य युवक भी आ गये। सभी ने बुजुर्ग लाहौरी लाल और उनकी पत्नी को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और लूट की घटना को अंजाम दिया। लूट की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। अमरजीत सिंह ने बताया कि लूट करने वाले बदमाशों को चिंहित कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।