मेरठ। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव द्वारा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व रामगोपाल यादव पर अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित करने पर शहर के युवाओं ने अखिलेश यादव के समर्थन में प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि अखिलेश तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष विपिन मनोठिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पहले सूरजकुंड तथा बाद में बेगमपुल पहुंचे और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पक्ष में प्रदर्शन किया। इस मौके पर अतुल समर्थकों का जमघट भी बेगमपुल पर लग गया। सपा समर्थकों के बेगमपुल पर नारेबाजी करते हुए अखिलेश यादव को सपा का नायक बताया। उधर, सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के फैसले पर कोई कार्यकर्ता आपत्ति नहीं जता सकता। अगर कोई ऐसा करता है तो उसे पार्टी विरोधी कार्य माना जाएगा।