IPS KEWAL KHURANA केवल खुराना की अस्थियां गंगा में प्रवाहित, पत्नी की आंखों से निकली आंसू की गंगा




Listen to this article

नवीन चौहान
दिवंगत आईपीएस केवल खुराना की पवित्र अस्थियों को कनखल अस्थि विसर्जन घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा में प्रवाहित कर दिया। उनके तीर्थ पुरोहित ने धार्मिक रीति रिवाज से अस्थियों की पूजा अर्चना कराई तथा सभी के श्रद्धासुमन अर्पित कराए। भाई विवेक खुराना ने आंसूओं के सैलाब को थामकर नम आंखों से बड़े भाई केवल खुराना की अस्थियों को अंतिम विदाई दी। पति की अस्थियों को मां गंगा की गोद में समाहित होता देख पत्नी टिया खुराना की आंखों से आंसूओं की गंगा ही बह निकली। आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल और डीआईजी आईटीबीपी मनु महाराज ने दिवंगत केवल खुराना को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा परिजनों को आत्मबल प्रदान किया।
मंगलवार दोपहर दिवंगत आईपीएस केवल खुराना की अस्थियों को लेकर भाई विवेक खुराना, पत्नी टिया खुराना, पिता अशोक खुराना और परिजन कनखल अस्थि प्रवाह घाट पर पहुंचे। उनके तीर्थ पुरोहित, आईजी संजय गुंज्याल और डीआईजी मनु महाराज ने अस्थि विसर्जन घाट की सभी धार्मिक कर्मकांड की तैयारियों को पूरा कराया। तीर्थ पुरोहित ने मंत्रोच्चारण के साथ अस्थि विसर्जन कर्मकांड शुरू किया। मंत्रोच्चारण के साथ ही केवल खुराना जी की सांसारिक यात्रा का अंतिम कार्य भी पूर्ण हो गया। तीर्थ पुरोहित के साथ विवेक खुराना अपने बड़े भाई केवल खुराना की अस्थियों को लेकर मां गंगा में प्रवाहित करने लगे। तभी उनकी पत्नी टिया खुराना की आंखों से आंसूओं का सैलाब उमड़ गया। हृदय में पति के प्रति स्नेह और सम्मान मां गंगा से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने लगा। गंगा घाट पर पत्नी टिया खुराना टकटकी लगाए अस्थियों को गंगा की गोद में समाहित होते हुए देखती रही। आंखों से आंसूओं के रूप में बह रही गंगा सभी के हृदय को द्रवित कर रही थी।
बुजुर्ग पिता अशोक खुराना अपने हृदय के दर्द को छिपाते हुए बहू टिया खुराना को ढांढस बंधाते रहे। बहू के आत्मिक बल को मानसिक मजबूती प्रदान कर रहे थे। फिर सभी ने सामूहिक रूप से मां गंगा से दिवंगत की आत्मा की शांति के प्रार्थना की।
आईजी संजय गुंज्याल और डीआईजी मनु महाराज ने पूरे परिवार को हरदम साथ रहने का भरोसा दिया। संजय गुंज्याल के शब्द पिता अशोक खुराना की नम आंखों में एक ताकत बन रहे थे। मानो हर वर्दी में बेटे केवल खुराना को ढूंढ रहे थे।