CM योगी ने दिया ओवैसी को करारा जबाव, बोले नहीं है मुसलमान खतरे में








Listen to this article

न्यूज 127.
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के ‘मुसलमान खतरे में हैं’ वाले बयान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करारा जवाब दिया है। सीएम योगी ने कहा कि देश का मुसलमान खतरे में नहीं हैं। इनकी वोट बैंक की राजनीति खतरे में है। जिस दिन भारतीय मुसलमान अपने पूर्वजों को समझ लेंगे, इन सभी को बोरिया-बिस्तर बांधकर भागना पड़ेगा।

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने कहा कि जो लोग इस्लाम खतरे में होने की बात कर रहे हैं, उन्होंने यहां भी हिंदुओं का विरोध किया था। आप कल्पना करें कि अगर वे भारत में हिंदुओं का विरोध कर रहे हैं, तो पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदुओं के हालात क्या होंगे? हम उनकी मानसिकता का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि हिंदुओं के प्रति उनकी नफरत कितनी खतरनाक है।

सीएम योगी ने कहा कि भारतीय मुसलमानों को याद रखना होगा कि वे तभी सुरक्षित हैं, जब हिंदू और हिंदू परंपरा सुरक्षित है, 1947 से पहले पाकिस्तान और बांग्लादेश भारत का हिस्सा थे। हम उस सच्चाई को कैसे भूल सकते हैं? क्या पाकिस्तान में हमारी हिंगलाज माता का मंदिर नहीं है? क्या बांग्लादेश में माता ढाकेश्वरी का मंदिर नहीं है?

संभल में तिरपाल से ढकी मस्जिदों के बारे में पूछे जाने पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “अगर आप रंगों से खेल रहे हैं, तो यह संभव है कि यह किसी पर भी डाला जा सकता है, लेकिन इससे किसी की पहचान खराब नहीं होती है। मुहर्रम के दौरान जुलूस निकलते हैं। क्या उनके झंडे की छाया किसी हिंदू घर या हिंदू मंदिर के पास नहीं पड़ती है? क्या इससे घर अपवित्र हो जाता है? कहा कि कई मुसलमानों ने हमारे साथ होली खेली है।

महाकुंभ में मुसलमानों के भाग लेने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, कुंभ उन सभी के लिए है जो खुद को भारतीय मानते हैं। मैंने कहा कि जो भारतीय बनकर आएगा उसका स्वागत है। लेकिन अगर कोई नकारात्मक मानसिकता के साथ आएगा, तो यह स्वीकार्य नहीं है।

साभार: डिजिटल मीडिया