NEWS127
राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट का जन्मदिन आज प्रदेशभर में सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पत्रकारिता, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों को प्रेरणादायक बताया। योगेश भट्ट ने अपने अब तक के कार्यकाल में न सिर्फ एक जिम्मेदार प्रशासक के रूप में पहचान बनाई, बल्कि उत्तराखंड आंदोलन के दौरान एक सच्चे जननेता और पत्रकारिता में आदर्श स्थापित करने वाले व्यक्तित्व के रूप में भी सामने आए।

आयोग में सटीक सुनवाई, सच्चाई की खोज में अडिग
राज्य सूचना आयोग में मामलों की नियमित सुनवाई सुनिश्चित कर सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने जनविश्वास को नई मजबूती दी। हर केस की तह तक जाकर सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया और अपीलीय अधिकारियों की लापरवाही पर दंडात्मक कार्रवाई ने उनके कर्तव्यनिष्ठ रवैये को प्रमाणित किया। सूचना के अधिकार को सशक्त माध्यम मानते हुए उन्होंने पारदर्शिता को प्रशासन की पहली शर्त बताया। आयोग के प्रति जनता की आस्था को बनाए रखना उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में माना जा रहा है।
उत्तराखंड आंदोलन में दिखाई नेतृत्व क्षमता
योगेश भट्ट की राजनीतिक और सामाजिक चेतना की शुरुआत उत्तराखंड राज्य आंदोलन से हुई। उन्होंने न सिर्फ युवाओं को आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया, बल्कि स्वयं मोर्चा संभालकर प्रदेश हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहे। उनकी नेतृत्व क्षमता और दूरदृष्टि ने उत्तराखंड निर्माण के उस ऐतिहासिक कालखंड में एक अहम भूमिका निभाई, जिसे आज भी याद किया जाता है।
पत्रकारिता में आदर्श और अनुशासन का परिचय
पत्रकारिता में योगेश भट्ट का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन किए और सशक्त संगठनात्मक भूमिका निभाई। अपनी निर्भीक लेखनी के जरिए प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया। उनकी लेखनी हमेशा जनहित के पक्ष में रही और उन्होंने कलम को समाज सुधार का औजार बनाया।
युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत
आज उत्तराखंड के युवा पत्रकारों के लिए योगेश भट्ट किसी पाठशाला से कम नहीं हैं। उनके अनुभव, ईमानदारी और निडरता से नई पीढ़ी को दिशा मिल रही है। कलम को धार देने का उनका तरीका और पत्रकारिता में अनुशासन का पालन, उन्हें एक आदर्श व्यक्तित्व के रूप में स्थापित करता है।
शुभकामनाओं का तांता
योगेश भट्ट के जन्मदिन के अवसर पर राज्यभर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। पत्रकार संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और आंदोलनकारियों ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सक्रिय जीवन की कामना की है।