छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोपी चैतन्यानंद सरस्वती आगरा से गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127.
देश की राजधानी दिल्ली के वसंतकुंज स्थित आश्रम में 17 छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी मैनेजर चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थसारथी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चैतन्यानंद सरस्वती की गिरफ्तारी देर रात आगरा के ताजगंज इलाके के एक होटल से की गई है।

पुलिस का कहना है कि शनिवार शाम से वह होटल में रुका था। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद होटल के कमरे में ही करीब 15 मिनट तक पूछताछ की। ​पूछताछ के बाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई।

बतादें दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट रिसर्च के मैनेजर चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थसारथी पर पीजी डिप्लोमा कर रहीं छात्राओं ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकत के आरोप लगाए थे। छात्राओं की शिकायत पर संस्थान के प्रबंधन ने थाने में लिखिल शिकायत दी थी जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी मैनेजर फरार हो गया। उसकी लोकेशन बुधवार को आगरा में मिली थी। आरोपी के खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया था। दिल्ली पुलिस शनिवार रात तीन बजे ताजगंज क्षेत्र में फतेहाबाद रोड स्थित होटल फर्स्ट में पहुंची। जहां उसे होटल के कमरा नंबर 101 से गिरफ्तार कर लिया। एफआईआर दर्ज होने के बाद संस्थान ने उसे पद से हटा दिया था।