हरिद्वार
प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल द्वारा व्यापारियों को संगठित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए सूखी नदी व्यापार मंडल इकाई का गठन किया गया। शहर व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने नवगठित इकाई की घोषणा करते हुए पदाधिकारियों की सूची सार्वजनिक की। इसमें नीरज पाल को अध्यक्ष, प्रमोद गोस्वामी को महामंत्री, अमन को कोषाध्यक्ष, दिलीप कुमार एवं रमेश को उपाध्यक्ष, विजय कुमार को सचिव तथा मधुकांत गिरी को जिला सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। क्षेत्रीय पार्षद महावीर वशिष्ठ को इकाई का संरक्षक नियुक्त किया गया।
प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष डा. विशाल गर्ग के नेतृत्व में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूलमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर डा. विशाल गर्ग ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल व्यापारियों को जोड़ना ही नहीं, बल्कि उनके हितों की मजबूती से पैरवी करना है। उन्होंने कहा कि शहर के व्यापारी निरंतर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़ रहे हैं और शीघ्र ही पूरे शहर में इकाइयों का गठन कर एक विशाल और सशक्त संगठन खड़ा किया जाएगा।
डा. विशाल गर्ग ने उत्तरी हरिद्वार को यात्री बाहुल्य क्षेत्र बताते हुए मेला प्रशासन से स्थायी विकास कार्य कराने की मांग की, जिससे स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिल सके।
नवगठित इकाई के अध्यक्ष नीरज पाल और महामंत्री प्रमोद गोस्वामी ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा व्यापारी हितों के लिए सदैव सक्रिय रहेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप, शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, शहर महामंत्री विमल सक्सेना, शहर कोषाध्यक्ष अनुज गुप्ता, तहसील कोषाध्यक्ष मनोज सिरोही, निशा गुप्ता, रचना बत्रा, हरीश मल्होत्रा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे और सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
सूखी नदी व्यापार मंडल इकाई का गठन, नीरज पाल अध्यक्ष व प्रमोद गोस्वामी महामंत्री नियुक्त



