हरिद्वार
नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के वार्ड संख्या-4 स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में टाइल्स लगाकर समतलीकरण, नाली एवं पुलिया निर्माण कार्य का लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा द्वारा विधिवत रूप से किया गया। लोकार्पण के पश्चात इस विकास कार्य को क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया।
उल्लेखनीय है कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स क्षेत्र पूर्व में जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। बरसात के दौरान पानी भर जाने से दुकानदारों, राहगीरों एवं यहां आने वाले हजारों नागरिकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नगर पालिका परिषद द्वारा टाइल्स लगाए जाने तथा नाली व पुलिया निर्माण से अब जलनिकासी व्यवस्था सुदृढ़ हो गई है, जिससे क्षेत्र स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बन गया है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि नगर पालिका परिषद का निरंतर प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में जनसमस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। टाइल्स लगने एवं नाली निर्माण से न केवल जलभराव की समस्या समाप्त होगी, बल्कि क्षेत्र में आने वाले नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए नगर पालिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों ने इस विकास कार्य के लिए नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे जनहित में एक सराहनीय और उपयोगी पहल बताते हुए कहा कि इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर द्वारा भविष्य में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निरंतर कराया जाएगा। लोकार्पण कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, सभासद हरिओम चौहान सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारीगण एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
राजीव शर्मा ने शिवालिक नगर के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को दी सौगात, टाइल्स व नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण






