मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने विस्थापित परिवारों के प्रति दिखाई गंभीरता और संवेदनशीलता








Listen to this article

न्यूज127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी बांध परियोजना से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास एवं उनके अधिकारों को लेकर गहरी संजीदगी दिखाई है। गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में टिहरी बांध विस्थापित क्षेत्र संघर्ष समिति, भाग–1 पथरी (हरिद्वार) एवं ग्राम पंचायत आदर्श टिहरी नगर, बहादराबाद के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर विस्थापित परिवारों की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधि मंडल ने विशेष रूप से विस्थापितों को भूमिधरी अधिकार प्रदान किए जाने, पुनर्वास से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा प्रशासनिक स्तर पर आ रही कठिनाइयों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों की बात को गंभीरता से सुनते हुए मामले पर तत्काल संज्ञान लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर ही जिलाधिकारी हरिद्वार एवं जिलाधिकारी टिहरी से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने दोनों जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विस्थापित परिवारों से जुड़े मामलों में सभी वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को बिना विलंब राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी बांध परियोजना के कारण विस्थापित हुए परिवारों का पुनर्वास और उनके अधिकारों का संरक्षण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इस संवेदनशील विषय में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विस्थापित परिवारों को न केवल पुनर्वास की सुविधाएं मिलें, बल्कि उन्हें सम्मानजनक जीवनयापन के लिए आवश्यक सभी अधिकार और संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएं। सरकार इस दिशा में पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, सचिव एस. एन. पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी एवं संबंधित ग्राम प्रधान भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री द्वारा तुरंत संज्ञान लेकर अधिकारियों को निर्देश देने पर संतोष व्यक्त करते हुए आभार जताया।