देहरादून
अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की संस्तुति करने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्णय पर अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला उत्तराखंड की जनता की भावना और न्याय की मांग का सम्मान है।
उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में सीबीआई जांच की मांग जनता की पुकार थी। जब साक्ष्य सामने आए, तब आम लोगों ने आवाज उठाई और सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि अब वे चेहरे सामने आएंगे, जिन्होंने रिसॉर्ट पर बुलडोजर चलवाया और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
उन्होंने यह भी कहा कि सुरेश राठौर की 48 मिनट की रिकॉर्डिंग में ऐसे संकेत हैं, जो किसी “वीआईपी” की भूमिका की ओर इशारा करते हैं। अब सीबीआई जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कौन-कौन शामिल था।
उर्मिला सनावर ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को “धाकड़ भाई” बताते हुए कहा कि उन्होंने जनता की आवाज सुनते हुए सीबीआई जांच का आदेश दिया, जिसके लिए वह दिल की गहराइयों से धन्यवाद देती हैं। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड की जनता का भी आभार जताया, जिसने न्याय के लिए एकजुट होकर संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच में पूर्ण सहयोग किया है और आगे भी सीबीआई जांच में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया है। उर्मिला सनावर ने विश्वास जताया कि अब मुखौटे लगाकर घूम रहे सभी अपराधी बेनकाब होंगे और अंकिता को न्याय मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का उर्मिला सनावर ने किया आभार, सीबीआई जांच की संस्तुति का स्वागत






