हरिद्वार
जन संघर्ष मोर्चा ने शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न की शिकार एक नाबालिग पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई है।
हरिद्वार प्रेस क्लब में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष गुलशन खत्री एवं व्यापारी पुनीत गोयल ने पीड़िता के परिजनों के साथ प्रेस वार्ता करते हुए पीड़िता की व्यथा और आपबीती बताई।
उन्होंने बताया कि ज्वालापुर निवासी एक युवक पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप है। इस संबंध में पीड़िता के परिजनों ने 6 फरवरी को ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया था।
बताया गया कि पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही उसके बयान भी दर्ज किए हैं, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। परिजनों का आरोप है कि परिवार को डराया-धमकाया जा रहा है तथा बालिका के बयान बदलवाने के लिए दबाव बनाया गया।
गुलशन खत्री ने कहा कि गरीब परिवार की बेटी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जन संघर्ष मोर्चा आंदोलन करेगा। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है।
दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों ने की न्याय की मांग, जन संघर्ष मोर्चा ने की गिरफ्तारी की मांग







