हरिद्वार में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, 80 से अधिक झोपड़ियां ध्वस्त








Listen to this article

हरिद्वार
धार्मिक नगरी हरिद्वार में अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए रोड़ी बेलवाला एवं घाट क्षेत्र में वृहद अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध रूप से स्थापित 80 से अधिक अस्थायी झोपड़ियों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के प्लाटों पर लंबे समय से अस्थायी झोपड़ियां बनाकर कब्जा किया गया था, जिससे क्षेत्र की व्यवस्था और स्वच्छता प्रभावित हो रही थी। प्रशासन की निगरानी में चलाए गए इस अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की पूरी टीम मौके पर तैनात रही और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।
अतिक्रमण हटाने के तुरंत बाद नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया। अभियान के तहत 10 टन से अधिक कचरा एकत्र कर उसका निस्तारण कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और आमजन को भी राहत मिली है।
रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा ने किया, जबकि घाट क्षेत्र में कार्रवाई मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। वहीं हर की पैड़ी क्षेत्र में स्वच्छता निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल की देखरेख में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हरिद्वार की धार्मिक एवं पर्यटन महत्ता को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण और गंदगी के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेंगे। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा और भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें तथा स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित हरिद्वार के संकल्प को साकार करने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है।