नैनीताल
उत्तराखंड लेखपाल संघ का छठा महाधिवेशन 16 एवं 17 फरवरी 2026 को रामनगर (जनपद नैनीताल) में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय इस महाधिवेशन में प्रदेश के समस्त लेखपालों एवं मैदानी राजस्व निरीक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिवेशन के दौरान राजस्व प्रशासन से जुड़े समसामयिक मुद्दों, सेवा संबंधी समस्याओं, पदोन्नति, संसाधनों की उपलब्धता तथा कार्य परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महाधिवेशन का मुख्य आकर्षण संघ की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन रहा। निर्वाचन प्रक्रिया लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराई गई, जिसे निर्वाचन अधिकारी के रूप में सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक राधेश्याम पैन्यूली तथा सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह चौहान ने संपन्न कराया।
निर्वाचन उपरांत घोषित नई कार्यकारिणी के अनुसार देवेश घिल्डियाल को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष प्रथम पद पर मंजू बिष्ट, उपाध्यक्ष द्वितीय पर अमित पांडे तथा उपाध्यक्ष तृतीय पर उम्मेद सिंह नेगी निर्वाचित हुए। प्रदेश महामंत्री के रूप में मेजर सिंह चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन मंत्री प्रथम रविंद्र दत्त सेमवाल तथा संगठन मंत्री द्वितीय अमित पवार चुने गए। कोषाध्यक्ष पद पर अनिल कुमार गुप्ता, ऑडिटर प्रथम के रूप में मोनिका नेगी तथा ऑडिटर द्वितीय के रूप में अंचला को निर्वाचित किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की एकता एवं सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षकों के हितों की रक्षा, सेवा शर्तों में सुधार तथा राजस्व व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने हेतु सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। महाधिवेशन के समापन अवसर पर सभी प्रतिनिधियों ने संगठन हित में एकजुट रहकर कार्य करने का संकल्प लिया और प्रदेश स्तर पर राजस्व तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उत्तराखंड लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष देवेश घिल्डियाल, नई कार्यकारिणी घोषित







