पुलिस को सुचारु यातायात व्यवस्था के निर्देश
हरिद्वार
जनपद में बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बोर्ड परीक्षार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर छात्र-छात्राएं तत्काल डायल 112 सेवा से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान पुलिस प्रशासन परीक्षार्थियों की हर संभव सहायता सुनिश्चित करेगा। उन्होंने जनपद के सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को निर्देशित किया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
तनाव मुक्त होकर परीक्षा देने की दी सलाह
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं बिना किसी तनाव और दबाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण जरूर है, लेकिन इसे सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ देने से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
उन्होंने अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान बच्चों को मानसिक रूप से प्रोत्साहित किया जाए और उन्हें सकारात्मक वातावरण प्रदान किया जाए।
परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा और यातायात पर विशेष नजर
पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही यातायात प्रबंधन के लिए विशेष योजना लागू की गई है। प्रमुख मार्गों और परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस प्रशासन ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी समस्या की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत डायल 112 सेवा से संपर्क करें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके और परीक्षा प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर बोले: बोर्ड परीक्षार्थियों की हर समस्या में मदद करेगी 112 सेवा







