कालाढूंगी फायरिंग कांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, अवैध असलहे बरामद








Listen to this article


नैनीताल।
जनपद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कालाढूंगी क्षेत्र में फायरिंग और मारपीट की घटना में शामिल तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, एक तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम को 1,500 रुपये के नगद पुरस्कार से भी सम्मानित किया है।
घटना 14 फरवरी 2026 की रात्रि की है, जब चौकी बेलपड़ाव को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि हल्द्वानी रोड पर बैलपोखरा गांव जाने वाले तिराहे के पास कुछ व्यक्तियों के बीच आपसी विवाद के बाद फायरिंग की गई है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रामनगर, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वीडियोग्राफी कराई और मौके से 32 बोर और .22 बोर के कुल 13 खोखे बरामद किए।
इस मामले में 16 फरवरी को वादिनी बलजीत कौर निवासी बच्चीनगर की तहरीर पर कोतवाली कालाढूंगी में नामजद आरोपियों रंजीत सिंह, मनदीप सिंह उर्फ मंगा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी तथा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर संख्या 17/2026 धारा 109(1), 126(1), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी को सौंपी गई।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए 20 फरवरी को गडप्पू बैरियर के पास से तीनों आरोपियों गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह और मनदीप सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि घटना पुरानी रं
जिश के चलते हुई थी। वादिनी के पति के मित्र हरभजन और आरोपी रंजीत सिंह के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की तथा दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तः-

  1. गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी उम्र 33 वर्ष पुत्र निर्मल सिंह, निवासी ग्राम शेखपुरा थाना स्वार, रामपुर उ0प्र0
  2. रंजीत सिंह उम्र 31 वर्ष पुत्र दर्शन सिंह, निवासी बैलपोखरा कालाढूंगी
  3. मनदीप सिंह उर्फ मंगा पुत्र मलकीत सिंह निवासी ग्राम उदयपुर (महादेव), बैलपड़ाव

गिरफ्तारी टीमः- 1. प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, वरिष्ठ उ0नि0 पंकज जोशी, वरिष्ठ उ0नि0 दीपक बिष्ट, उ0नि0 राजवीर सिह, उ0नि0 राजेश जोशी एसओजी प्रभारी, उ0नि0 देवेन्द्र राणा, कानि0 अखिलेश तिवारी, कानि0 स्वरुप सिंह, कानि0 उमेश राम, कानि0 मिथुन कुमार, कानि0 संजय दोसाद, कानि0 प्रीतम सिह, कानि0 अमनदीप सिंह